ककरौली में गंगा स्नान मेले में जा रहे युवकों के बीच भैंसा बुग्गी की दौड़ हो गई। भैंसे को शराब पिलाई गई। इससे अफरातफरी मच गई। पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गंगा स्नान के लिए जा रहे युवकों के बीच भैंसा बुग्गी की दौड़ हो गई। भैंसे का शराब पिलाकर दौड़ाया गया और खूब आर मारी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि 27 के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। दो बुग्गी भी जब्त की हैं।
विज्ञापन
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह ककरौली पुलिस को सूचना मिली कि शुकतीर्थ में आयोजित कार्तिक गंगा-स्नान मेले में जाने के लिए कुछ युवक जड़वड़ मार्ग पर हार-जीत की शर्त लगाकर हुड़दंग करते हुए भैंसा-बुग्गी की दौड़ लगा रहे हैं, जिससे राहगीरों व नागरिकों को परेशानी हो रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया और भैंसा बुग्गी की दौड़ लगाने वाले तीन युवकों को गिरफ्तार किया। उनसे बरामद दो बुग्गी व आर लगी हुई एक पेहनी भी जब्त की। अन्य 24 युवक पैदल व बाइक से भाग गए।
एसएसपी ने बताया कि उक्त युवक भैंसे को शराब पिलाकर दौड़ा रहे थे। ऐसी दौड़ के कारण पूर्व में कई दुर्घटनाएं भी हुई हैं। मामले में 27 युवकों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये हुई कार्रवाई
मनीष जड़वड़, नीरज मोरना, मेरठ के नेहड़ी निवासी राजा को गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा जड़वड़ निवासी सदन, गोल्डी, शिवम, रविन्द्र, राहुल, रविन्द्र कुमार, गौरव, मनीष, सौरभ, सागर, मोहित, नेहड़ी निवासी अखिलेश उर्फ छोटू , भेड़ाहेड़ी निवासी गौरव, मेरठ के नैडू निवासी अमरदीप और आठ-दस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।