शादी के नाम पर धोखा, मंगलामुखी से करा दी शादी
मुजफ्फरनगर, खतौली। कस्बे के एक मोहल्ला निवासी युवक की पांच माह पहले धोखे से एक मंगलामुखी से शादी करा दी गई। मामला तब खुला जब मंगलामुखी बनी विवाहिता ने पुलिस को बंधक बनाने की सूचना दी।
एक व्यक्ति ने बताया कि उसके भतीजे की शादी बिद्दीवाड़ा निवासी एक महिला ने सहारनपुर कराई थी। उनका भतीजा अक्सर परेशान रहता था, पूछने के बाद भी उसने कुछ नहीं बताया। उनका भतीजा फरीदाबाद में नौकरी करता है, जब उसकी पत्नी ने फरीदाबाद ले जाने का दबाव बनाया तो सारा माजरा सामने आया। उनके भतीजे ने बताया कि जिससे उसकी शादी कराई गई है, वह लड़की नहीं बल्कि एक मंगलामुखी है। आरोप है कि सच्चाई पता चलने के बाद से विवाहिता बनी मंगलामुखी ने लड़के को धमकी दी कि यदि किसी को कोई भी बात बताई तो वह जहर खाकर पूरे परिवार को फंसा देगी। जिस कारण वह चुप था।
मामले का परिवार में पता चलने पर विवाहिता बनी मंगलामुखी ने पुलिस को बंधक बनाने की सूचना दी। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। विवाहिता के परिजन भी थाने पहुंच गए। काफी देर चले हंगामे के बाद विवाहिता के परिजन उसे अपने साथ ले गए। युवक पक्ष ने युवती पक्ष से तलाक दिए जाने की मांग की है। इंस्पेक्टर का कहना है कि पति पत्नी का विवाद था। बिना डाक्टरी के कुछ नहीं कहा जा सकता। लड़की अपने माता पिता के साथ घर चली गई। थाने में कोई तहरीर आदि नहीं दी गई।