राजकीय कालेज के मैदान से साईकिल रैली निकालते विद्यार्थी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
शहीदों की याद में साइकिल रैली निकाली
मुजफ्फरनगर। भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के तहत शहर में साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें 75 युवाओं ने भाग लिया।
शुक्रवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग और जिला बेसिक शिक्षा विभाग के समन्वय में कार्यक्रम हुआ, जिसमें स्वतंत्रता के पश्चात जन्म लेने वाली पीढ़ी को गौरव पूर्ण इतिहास की जानकारी दी गई। राष्ट्रभक्ति की नवीन चेतना भरकर 75 युवाओं ने 7.5 किमी लंबी साइकिल रैली का आयोजन किया। साइकिल रैली प्रात: जीआईसी मैदान से शुरू होकर महावीर चौक, प्रकाश चौक, शिव चौक, मीनाक्षी चौक होते हुए नुमाइश ग्राउंड में समाप्त हुई। डीएम सेल्वा कुमारी जे ने शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान तिरंगे रंग के 75 गुब्बारे भी छोडे़ गए और स्वतंत्रता आंदोलन के नारों से सारा नुमाइश मैदान गूंज उठा। इस कार्यक्रम में चौरा-चौरी शताब्दी महोत्सव के शहीदों को याद किया गया। एडीएम वित्त आलोक कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह, डीआईओएस गजेंद्र कुमार, बीएसए मायाराम, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह पुंडीर उपस्थित रहे।