शहर के शिव चौक पर साप्ताहिक लॉकडाउन के दूसरे दिन पसरा सन्नाटा ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
दो दिन बंद रहे बाजार व दुकानें, एटीएम भी बंद
मुजफ्फरनगर। साप्ताहिक लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार को भी सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने घरों में रहकर लॉकडाउन में पूर्णत: सहयोग किया। शहर में इक्का-दुक्का लोग ही जरूरी काम से बाहर जाते नजर आए। दूसरे दिन भी पेट्रोल पंप रहे बंद। शराब और मेडिकल की दुकानें खुली रही। सुबह और शाम दो घंटे दूध की डेयरी खोलने की छूट मिली। गांवों में ठेली पर सब्जी व फल बेचने वाले भी नहीं आए नजर।
शासन द्वारा घोषित दो दिनों के लॉकडाउन के दूसरे दिन रविवार सुबह से ही सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। लोगों ने लॉकडाउन का पूरा समर्थन किया। नगर के कई भीड़भाड़ वाले मार्केट सुनसान पड़े रहे। दूध की दुकानें सुबह व शाम को खुली नजर आई। लॉकडाउन के दौरान रविवार को अधिकांश एटीएम भी बंद मिले। शहर के विभिन्न चौराहों पर पुलिस तैनात रही। पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के चालान किए। अलमासपुर चौराहे, मीनाक्षी चौक, प्रकाश चौक पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। बिना वजह बाइकों पर घूम रहे लोगों का चालान किया। दो दिनों के साप्ताहिक लॉकडाउन के बाद सोमवार को सुबह से ही बाजार खुलेगा। रविवार को भी रोडवेज बसें चली। मगर यात्री काफी कम मिले। रोडवेज को दो दिनों में करीब 15 लाख को नुकसान झेलना पड़ा। वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी राजकुमार तोमर ने बताया कि पूरे दिन में डिपो से केवल 12 बसें ही चलीं। कौशांबी, आगरा, लखनऊ की भी बसें चली।