श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बाजार सजे
मुजफ्फरनगर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर बाजार सज गए है। लड्डू गोपाल की ड्रेस और उनके शृंगार की दुकानें सज गई हैं। श्रद्धालु ठाकुरजी के लिए सामान की खरीदारी करने लगे है। इस बार पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार सोमवार को मनाया जाएगा। गत वर्ष कोरोना संक्रमण काल के चलते पर्व सादगी के साथ मनाया गया था। गली, मोहल्लों के अलावा मंदिरों में भी झांकियां नहीं लगी थी। तब मंदिरों को रंगीन रोशनी से सजाया गया था। कोरोना संक्रमण काल के कारण मंदिरों में दर्शन की भी पाबंदी थी। मगर इस बार कोरोना संक्रमण की गति थम जाने पर शासन की ओर से अब सब अनलॉक किया जा चुका है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है, वहीं दुकानदारों को भी अच्छी कारोबार की उम्मीद है। दो दिन त्योहार के शेष रहने पर बाजार सज गए हैं। दुकानों पर लड्डू गोपाल जी की ड्रेस सज गई हैं। ड्रेस के अलावा झूला, बांसुरी, उनके शृंगार का सामान भी सजाया गया है। श्रद्धालु खरीदारी कर रहे है।
नई मंडी, गांधी कालोनी, अंसारी रोड, नुमायश कैंप, भगत सिंह रोड, मोती महल, कच्ची सड़क आदि के बाजारों में ठाकुरजी की मूर्ति के अलावा उनकी ड्रेस और अन्य सामान की दुकानें सजी हैं। भगत सिंह रोड के दुकानदार पवन कुमार ने बताया कि लड्डू गोपाल जी की ड्रेस 35 रुपये से लेकर तीस सौ रुपये तक की है। फैं सी झूले की मांग ज्यादा है। झूला 250 रुपये से लेकर 1800 रुपये तक का है। वृंदावन से आए ड्रेस और शृंगार की मांग ज्यादा है। सर्राफा बाजार के दुकानदार अमित कुमार ने बताया कि इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
नगर के सराफा बाजर में जन्माष्टमी पर सजी दुकानें।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नगर के सराफा बाजर में जन्माष्टमी पर्व पर कृष्ण की ड्रेस व मूर्तियों की खरीदारी करती युवती।- फोटो : MUZAFFARNAGAR