मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन(एमसीए) के सचिव और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अपैक्स कॉउंसिल सदस्य मनोज पुंडीर को एक और अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। लखनऊ में 15 मार्च को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे एक दिवसीय दिन-रात्रि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच के लिए मनोज पुंडीर को उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए)द्वारा वेन्यू आपरेशन मैनेजर नियुक्त किया गया है। यह मैच लखनऊ के अटल बिहारी बाजपेयी स्टेडियम में खेला जाएगा।
मनोज पुंडीर 2018 में एकाना स्टेडियम लखनऊ में हुए भारत और वेस्ट इंडीज के बीच हुए टी-20 क्रिकेट मैच के भी वेन्यू डायरेक्टर रहे थे। इससे पहले अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी और दलीप ट्रॉफी का आयोजन भी उनके देखरेख में हुआ था। यूपीसीए सचिव डा. युद्धवीर सिंह और निदेशक राजीव शुक्ला द्वारा फिर से उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की जिमेदारी दी गयी है। मनोज पुंडीर ने बताया कि दो हफ्ते पूर्व ही मैच की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें सीरीज का पहला मैच 12 मार्च को धर्मशाला में खेल कर 13 मार्च को लखनऊ पहुंचेगी।