मंसूरपुर के गांव बोपाड़ा के आदर्श तालाब का निरीक्षण करेंगी राज्यपाल।
- फोटो : KHATAULI
राज्यपाल आज गांव बोपाड़ा में आएंगी
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। राज्यपाल के गांव बोपाड़ा में आगमन को लेकर मंगलवार को पूरा दिन गांव में साफ सफाई की तैयारी चलती रही। जिलाधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी गांव में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बुधवार आज 4 मार्च को मुजफ्फरनगर जनपद के दौरे पर हैं। नेशनल हाईवे से पश्चिम में दो किलोमीटर की दूरी पर जिला प्रशासन की तरफ से गांव बोपाड़ा को मॉडल गांव के रुप में चयनित किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से गांव में राज्यपाल का कार्यक्रम रखा गया है, जिसको लेकर मंगलवार को पूरा दिन गांव में साफ सफाई का कार्य होता रहा। प्राथमिक विद्यालय के बराबर में मनरेगा योजना के तहत तालाब का जीर्णोद्धार किया गया है। पिछले दो माह से जिला प्रशासन द्वारा गांव के पास से बह रही काली नदी को साफ कर प्रदूषण मुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है। राज्यपाल इस तालाब तथा प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करेंगी। इसको लेकर दिनभर प्रशासनिक अधिकारियों का गांव में जमावड़ा लगा रहा। एसडीएम खतौली इंद्रकांत द्विवेदी ने गांव में राज्यपाल के कार्यक्रम की पुष्टि की है।