फर्जी आईडी से लोन पर निकालीं लग्जरी गाड़ियां, चार गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। फर्जी आधार कार्ड, पेन कार्ड और अन्य कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 1.19 लाख लाख रुपये का क्रेडिट कार्ड और 17 लाख 50 हजार रुपये का ऑटो लोन पास कराने वाले गैंग के चार सदस्यों को पुलिस ने दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से चार लग्जरी गाड़ी बरामद हुई हैं। बरामद गाड़ियां लगभग छह महीने पहले ही कंपनी से निकाली गई हैं, जिनकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये है।
एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय और एएसपी संजीव विश्नोई ने बताया कि गांधी कॉलोनी निवासी संदीप कुमार ने पुलिस से शिकायत की थी कि उसके कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर किसी व्यक्ति ने फर्जी तरीके से लोन करा लिया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। मंगलवार को आरोपी शहर के रामपुरी निवासी अंकुश त्यागी, एकता विहार निवासी आलोक त्यागी, नई मंडी निवासी संदीप कुमार और गांधीनगर निवासी सुधीर कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चार लग्जरी गाड़ी बरामद हुई हैं। बरामद गाड़ियां लगभग छह महीने पहले ही कंपनी से निकाली गई हैं, जिनकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये है। आरोपियों ने वादी के दस्तावेजों पर फोटो बदलकर यह धांधली की थी। पुलिस बैंककर्मियों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच में भी जुटी हुई है।
इस तरह खुला फर्जी लोन का खेल
गांधी कॉलोनी निवासी वादी संदीप कुमार पुत्र ब्रजपाल सिंह डोने-पत्ते बनाने का काम करता है। करीब 15 दिन पहले यूनियन बैंक से लोन लेने पहुंचा तो उसे पता चला कि उसके नाम से क्रेडिट कार्ड और ऑटो लोन लिया गया है। पीड़ित सीधे लोन देने वाले एक्सिस बैंक की कोर्ट रोड स्थित शाखा पहुंचा। दस्तावेज चेक किए गए तो फोटो दूसरे मिले और दस्तावेज वादी के। पीड़ित ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने छानबीन की तो चार अन्य लोगों के दस्तावेजों के साथ भी छेड़छाड़ कर ऑटो लोन का खेल खुल गया।
गैंग अब तक खरीद चुका 15 गाड़ियां
एसपी सिटी ने बताया कि यह गैंग फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड व फर्जी फोटो बनाकर बैंक में कागज जमा कर लोन पास कराकर नई गाड़ी कंपनी से खरीद लेते है । यह लोग अब तक करीब 15 गाड़ियों का फर्जी फाइनेंस करा चुका है। एक गाड़ी को खरीदने के लिये गाड़ी की कीमत का 20 प्रतिशत बैंक मे जमा कराते है, जिसमे फर्जी पता होने के कारण बैंक उसे ट्रेस नही कर पाता है। एसपी सिटी ने बताया कि इस गैंग में एक फाइनेंसर होता है और दो तीन लोग फर्जी कागज तैयार करते हैं। फर्जी फोटो देते हैं।
बैंककर्मियों से मिलीभगत, जांच शुरू
एसपी सिटी ने बताया कि इस गैंग की बैंक कर्मियों से मिलीभगत होती है। यह लोग खरीदी हुई गाड़ी को गाड़ी खरीदने-बेचने का काम करने वाले डीलरों को पूरे रेट में बेच देते हैं। इस गैंग में गाड़ी बेचने पर आए हुए रुपयों को अपना एक हिस्सा होता है और आपस में रुपये बेचने के बाद बांट लेते हैं।
लोन दिलाने के नाम पर लिए थे दस्तावेज
इंस्पेक्टर नई मंडी पंकज पंत ने बताया कि गैंग लोगों से बैंक से लोन दिलाने के नाम पर दस्तावेज ले लेता है। इसके बाद पहचान पत्रों में छेड़छाड़ की जाती है। बैंककर्मियों की मिलीभगत से लोन पास कराया जाता है। लोन से लिए गए वाहन को बेचकर हिस्सा बांट लेते हैं। वादी के अलावा अन्य पीड़ितों से भी लोन दिलाने के नाम पर दस्तावेज लिए गए थे।
मुजफ्फरनगर : नई मंडी पुलिस की गिरफ्त में आये फर्जीवाड़े के आरोपियों से बरामद गाड़ियां।- फोटो : MUZAFFARNAGAR