जानसठ के महादेव मंदिर पर तेंदुए की तस्वीर।
- फोटो : KHATAULI
जानसठ। कस्बे के प्राचीन सिद्धपीठ महादेव मंदिर में तेंदुए के दो शावक तालाब में घुसकर प्रतिदिन मछलियों का शिकार कर रहे हैं। मंदिर के पुजारी ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसे लेकर श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई है। पुजारी व श्रद्धालुओं ने तेंदुए के शावकों को पकड़ने के लिए वन विभाग से गुहार की है।
जानसठ में गांव बसायच रोड स्थित प्राचीन सिद्धपीठ महादेव मंदिर के पुजारी नीरज भारद्वाज ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से तेंदुए के दो शावक तालाब पर आते हैं और तालाब में घुसकर मछलियों का शिकार करते हैं। पुजारी ने मोबाइल से इसकी वीडियो बनाकर वायरल कर दी। तेंदुए के दो शावक होने की वजह से श्रद्धालु दहशत में है और महादेव मंदिर में पूजा करने के लिए कम लोग जा रहे हैं। मंदिर के पंडित अनिल भारद्वाज ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में वन विभाग को भी सूचना कर दी, लेकिन वन विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उधर भाकियू के वरिष्ठ नेता बिट्टू ठाकुर ने कहा कि वह वन विभाग के उच्चाधिकारी से बात करेंगे और तेंदुए के दोनों शावकों को पकड़वाएंगे। उधर, ज्ञानेश्वर मंदिर के अध्यक्ष प्रवीण पंवार ने कहा कि वन विभाग के अधिकार से बात कर ली है। तेंदुए के दोनों बच्चों को पकड़ लिए जाएंगे।