श्रीराम कालेज में विजयी खिलड़ियों को सम्मानित करते अतिथि।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बैडमिंटन में कृतिका और ममता बनीं बेस्ट प्लेयर
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में इलेक्ट्रॉनिक्स व कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और मेकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के बीच खेल प्रतियोगिता हुई। छात्रों में क्रिकेट प्रतियोगिता और छात्राओं की बैडमिंटन प्रतियोगिता कराई गई।
क्रिकेट मैच में 35 रन से मेकेनिकल इंजीनियरिंग की टीम विजयी रही। आठ ओवर के मैच में टीम ने छह विकेट खोकर 93 रन बनाए। इसके जवाब में इलेक्ट्रॉनिक्स व कम्युनिकेशन की टीम 58 रन ही बना पाई। मैन ऑफ द मैच इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेशन के हर्षित शर्मा को दिया गया। हर्षित शर्मा ने बल्लेबाजी करते हुए 21 रन बनाए और दो विकेट लिए। बैडमिंटन प्रतियोगिता में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन विभाग की कृतिका कुलश्रेष्ठ और ममता मलिक ने अच्छा प्रदर्शन किया। इस कारण दोनों खिलाड़ी को बेस्ट प्लेयर के खिताब से नवाजा गया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों में स्फूर्ति एवं शक्ति संचार के साथ-साथ टीम में कार्य करने का गुण भी जाग्रत हुआ। निदेशक डॉ. आलोक गुप्ता एवं डीन साक्षी श्रीवास्तव ने विजयी टीमों को पुरस्कृत किया। विभागाध्यक्ष अश्वनी कुमार ने कहा कि मस्तिष्क को स्वस्थ रखने के लिए खेलना जरूरी है। इस दौरान मेकेनिकल विभागाध्यक्ष पवन कुमार, शिक्षक आशीष, अमित गुप्ता, इंदु, कनुप्रिया अभिषेक, मनीष कुमार, विकास बंसल, पीयूष आदि मौजूद रहे।