कोविड की जांच के आंकड़े चौंकाने वाले
मुजफ्फरनगर, खतौली। कस्बे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर की जा रही कोविड-19 की जांच के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। खतौली में सबसे अधिक मरीजों की संख्या कोरोना पाजिटिव की सामने आ रही है। जबकि अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर की जा रही जांच की संख्या बहुत कम है।
नगर व देहात क्षेत्रों से लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर अपनी जांच करा रहे हैं। जिससे कोरोना का समय से उपचार कराया जा सके। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन 250-300 लोगों की कोरोना की जांच की जा रही है। पिछले कुछ दिनों से 40 से लेकर 50 लोगों की प्रतिदिन कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आ रही है। ऐसे में इन सब मरीजों को होम क्वारंटीन किया जा रहा है। उन पर निगरानी रखने के लिए आरआरटी की पांच टीमें काम कर रही हैं। जो दवाई मरीजों तक पहुंचा रहे हैं। खतौली में 26 कंटेनटमेंट जोन बनाए गए हैं। जहां पर पालिका द्वारा सैनिटाइज कराया जा रहा है।
दूसरे शहरों की कोविड जांच की बात करे तो सभी जगह 5 से 10 मरीज ही कोरोना पॉजिटिव आ रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि प्रतिदिन कोविड की जांच की जा रही है। जिसमें 40 से 50 मरीज प्रतिदिन पॉजिटिव आ रहे हैं। उनको होम क्वारंटीन किया जा रहा है, जो मरीज गंभीर हैं उसे अस्पताल में भर्ती कराया जाता है।