किसान महापंचायत : शासन ने तेजतर्रार पुलिस अफसरों की ड्यूटी लगाई
मुजफ्फरनगर। पांच सितंबर को होने वाली किसान महापंचायत को लेकर शासन ने पूर्व में जनपद में रहे तेजतर्रार पुलिस अफसरों को तीन से पांच सितंबर तक जनपद में तैनात किया है। इनमें लखनऊ के अपर पुलिस आयुक्त यातायात श्रवण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर संजीव वाजपेयी, अपर पुलिस अधीक्षक आगरा शिवराम यादव, सीओ बरेली चमनसिंह चावड़ा, सीओ संभल अरुण कुमार सिंह और सहायक पुलिस आयुक्त गौतमबुद्धनगर पीपी सिंह शामिल हैं। उक्त सभी अफसर पूर्व में जनपद में लंबे समय तक तैनात रह चुके हैं, जिन पर एक बार फिर शासन ने महापंचायत को लेकर भरोसा जताया है। इनके साथ ही देवबंद कोतवाल इंस्पेक्टर योगेश शर्मा, शामली से इंस्पेक्टर पंकज त्यागी व इंस्पेक्टर जसवीर सिंह, दरोगा कपिलदेव, दरोगा धर्मेंद्र सिंह, दरोगा सूबे सिंह यादव, दरोगा मनोज कुमार चहल, दरोगा समयपाल अत्री और दरोगा वीरेंद्र कसाना भी तीन सितंबर से पांच सितंबर तक जनपद में ही अपनी सेवाएं देंगे।
पांच सितंबर को होने वाली किसान महापंचायत के लिए प्रशासन ने रूट डायवर्जन प्लान भी जारी कर दिया है। इसके तहत रुड़की व सहारनपुर की ओर से आने वाले वाहन हाईवे से होते हुए भोपा बाईपास से वाया विश्वकर्मा चौक होकर शहर में एंट्री दी जाएगी। वहीं, मेरठ से आने वाले वाहनों के लिए भी हाईवे से भोपा बाईपास वाया विश्वकर्मा चौक शहर में एंट्री मिलेगी। शामली व पानीपत की ओर से आने वाले वाहन पीनना-वहलना बाईपास होते हुए हाईवे और फिर वहां से भोपा बाईपास वाया विश्वकर्मा चौक शहर में प्रवेश करेंगे। सभी रूट के लिए शहर से निकलने के लिए भी यही मार्ग तय रहेगा। इसके साथ ही विशेष परिस्थितियों के लिए भी रूट डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत, हरिद्वार-रुड़की से आने वाले वाहनों के लिए पुरकाजी, धमात गंगनहर पुल, भोकरहेड़ी व मोरना रूट तय किया गया है। वहीं, मेरठ-मुजफ्फरनगर के लिए विशेष परिस्थितियों में वाया ककरौली-जानसठ मार्ग का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, मंसूरपुर के लिए जानसठ बाईपास से सिखेड़ा होते हुए मंसूरपुर के साथ ही वहलना-पीनना बाईपास होते हुए शाहपुर के गांव मीरापुर बाईपास, वहां से पुरबालियान होते हुए मंसूरपुर रूट रहेगा। वहीं, खतौली के लिए सिखेड़ा, जानसठ होते हुए खतौली और दूसरी ओर वहलना-पीनना बाईपास होते हुए वाया गांव मीरापुर से शाहपुर, बुढ़ाना व रतनपुरी होते हुए खतौली का मार्ग नियत रहेगा।