मुजफ्फरनगर के मोरना में आत्महत्या करने वाले किसान के परिजनों से तहसील कर्मियों द्वारा अभद्रता करने से नाराज कटिया के ग्रामीणों ने ककरौली थाने पर जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने तहसील कर्मियों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना ककरौली क्षेत्र के गांव कटिया में कर्ज में डूबे किसान मनोज ने आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच करने तहसील के कर्मचारी सोमवार को मृतक के घर गए थे। आरोप है कि जांच-पड़ताल के दौरान टीम ने पीड़ित किसान की पत्नी और बच्चों से अभद्रता की थी। जिसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।
मंगलवार को रालोद के युवा मंडल अध्यक्ष अभिषेक चौधरी, हर्ष राठी, पूर्व ब्लाक प्रमुख वीरेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य नजर सिंह के नेतृत्व में ग्रामीण एकत्र होकर ककरौली थाने पहुंचे और प्रदर्शन किया। पुलिस को तहरीर देकर तहसील के अमीन एवं उसके सहयोगी तहसील कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि सपा सरकार में किसानों का गन्ने का पूर्ण भुगतान आज तक नहीं मिला है। उल्टे धमकाकर किसानों को आत्महत्या करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
मृतक किसान के भाई जगपाल ने भी तहसील कर्मियों पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। पुलिस ने अधिकारियों से बातचीत कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। मौके पर प्रधान तपेंद्र सिंह, प्रभात, सुखपाल, ब्रजपाल, राजेंद्र नागर, सुरेंद्र सिंह चेयरमैन, महकार सिंह, राजपाल सिंह, सुक्रमपाल, राजवीर सिंह, अजीत सिंह, श्याम सिंह, जगमोहन आदि ग्रामीण शामिल रहे।