मुजफ्फरनगर। जिले की चीनी मिलों ने पेराई सत्र शुरू करने की तिथि घोषित कर दी है। मोरना चीनी मिल को छोड़कर अन्य मिलें सात और आठ नवंबर से पेराई शुरू कर देंगी। इसके लिए इंडेंट जारी करने की तैयारियां शुरू कर दी गई है।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि मिलों ने पेराई सत्र शुरू करने की तिथि दे दी है। आठ नवंबर तक सभी मिलें पेराई शुरू कर देंगी। चीनी मिलें 1608.30 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई करेंगी। इसके लिए पहले ही सुरक्षण जारी हो चुका है। चीनी मिलों ने इंडेंट जारी करने की तैयारी कर ली है।
इस तरह चीनी मिल जारी करेंगी इंडेंट
चीनी मिलों ने इंडेंट जारी करने की तिथियों की घोषणा भी कर दी है। भैसाना और मंसूरपुर चीनी मिल एक नवंबर को इंडेंट जारी करेंगी। तितावी, टिकौला, खतौली और खाईखेड़ी चीनी मिल दो नवंबर, रोहाना कलां छह नवंबर को इंडेंट जारी करेंगी। मोरना चीनी मिल इंडेंट जारी कर चुकी है।
----------------------
इनसेट
इन तिथियों में शुरू होगी पेराई
चीनी मिल संभावित तिथि
मोरना 31 अक्तूबर
खतौली 07 नवंबर
मंसूरपुर 07 नवंबर
तितावी 08 नवंबर
टिकौला 08 नवंबर
भैसाना 08 नवंबर
खाईखेड़ी 08 नवंबर
रोहाना कलां 10 नवंबर
इन मिलों को भी गन्ना सप्लाई
जिले के किसान पश्चिमी यूपी की 12 चीनी मिलों को गन्ना सप्लाई करते हैं। इनमें आठ चीनी मिलें जिले की हैं, जबकि चार चीनी मिलें अन्य जनपदों की। इनमें सहारनपुर की देवबंद और गांगनौली, मेरठ जिले की दौराला और शामली जिले की थानाभवन चीनी मिले को भी गन्ना सप्लाई की जाती है।
2.25 लाख गन्ना किसान
वेस्ट यूपी की 12 चीनी मिलों को जिले के 2.25 लाख गन्ना किसान सप्लाई करते हैं। इन मिलों ने विभिन्न गांवों में 640 गन्ना क्रय केंद्र बनाए हैं।