बारिश से खतौली बना टापू
मुजफ्फरनगर, खतौली। मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण पूरा शहर जलमग्न हो गया। सड़कों पर पानी लबालब भर गया। पानी बाजारों में कुछ दुकानों में भी घुस गया। सड़क पर बने गहरे गड्ढे भी नहीं दिख पा रहे थे। नतीजतन राहगीर उनमें गिरकर चोटिल हो गए। नालों की साफ सफाई बेहतर तरीके से न होने के कारण जलनिकासी नहीं है। बुधवार की सुबह से भारी बारिश हुई। इसके बाद पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होती रही। कस्बे में जीटी रोड, बिद्दीवाड़ा, ढाकन चौक, जानसठ रोड, रेलवे रोड, अशोक विहार पर जलभराव की स्थिति बनी रही। होली चौक पर चारों ओर से पानी भर जाने के कारण ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे किसी टापू पर पहुंच गए हों।
खतौली में मकान की छत गिरी
खतौली। कस्बे के मोहल्ला सद्दीकनगर में बुधवार सुबह बारिश के कारण नौशाद के मकान की कच्ची छत गिर गई। नौशाद बीमार है, उसके घर में कोई कमाने वाला नहीं है। मोहल्लेवासी ही उसका ध्यान रखते हैं। वह मंगलवार की रात अपनी पत्नी शाहीन, तीन बच्चे अरमान, सोफिया, अक्शा के साथ सोया हुआ था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे उसके मकान की छत से कुछ आवाज आई। वह अपने परिवार के साथ जैसे ही कमरे से बाहर निकला, तभी छत भरभराकर गिर गई। तेज आवाज होने के कारण आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबे में दबे घर के सामान को बाहर निकाला। वार्ड सभासद वकील मंसूरी भी मौके पर पहुंचे। मोहल्लेवासियों ने मिलकर बांस का छप्पर बनाकर उसके ऊपर पन्नी डाली, जिससे उसका परिवार बारिश से बचकर रह सके।
खतौली नयाआबादी में रोड पर पानी के बीच रहा ट्रांसफार्मर।- फोटो : MUZAFFARNAGAR