पानीपत-खटीमा राजमार्ग पर बघरा ब्लाक के सामने शुक्रवार देर शाम हुए सड़क हादसे में जिला पंचायत के जेई बालेश्वर की मौत हो गई। उन्हें विधानसभा चुनाव में सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया था। हादसे के समय वे तितावी क्षेत्र में पोस्टर, बैनर आदि उतरवा कर बाइक से शहर लौट रहे थे। बघरा ब्लॉक के सामने ट्रक ने उन्हें कुचल दिया।
बालेश्वर सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव मुंडीखेड़ी के मूल निवासी थे, जो यहां जिला पंचायत की आवासीय कालोनी में अपने बच्चों के साथ रह रहे थे। डीएम डीके सिंह और एसएसपी बबलू कुमार ने अस्पताल पहुंच कर हादसे की जानकारी ली तथा परिजनों को सांत्वना दी। डीएम के आदेश पर रात्रि मेें ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिला पंचायत में जेई के पद पर कार्यरत 33 वर्षीय बालेश्वर पुत्र शीशपाल को हाल में ही विधानसभा चुनाव के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया था।
अधिकारियों के आदेश पर वो शुक्रवार को तितावी क्षेत्र में अभियान चला कर राजनीतिक दलों के पोस्टर, बैनर आदि उतरवाने गए थे। देर शाम को वे अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर तितावी से शहर लौट रहे थे। जब वे बघरा ब्लॉक के सामने पहुंचे तो तभी एक गन्ने के वाहन से उनकी बाइक टकरा गई और वो सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी दूसरी साइड गिर कर घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत के अधिकारी और परिजन मौके पर पहुंच गए। तितावी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवा दिया।
डीसीएम से कुचल कर ग्रामीण की मौत, हंगामा
दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव देवल के निकट डीसीएम की चपेट में आकर कुचले जाने से बाइक सवार ग्रामीण की मौत हो गई। मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जाम लगा दिया। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझा कर जाम खुलवा कर यातायात सुचारु कराया।
मीरापुर के गांव बलीपुरा निवासी धर्मवीर(40) पुत्र रामपाल बिजनौर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करता था। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह वह बाइक पर सवार होकर बिजनौर जा रहा था। जैसे ही वह रामराज क्षेत्र के गांव देवल के निकट पहुंचा तो किसी वाहन से बचने का प्रयास किया। इसी दौरान पीछे से आ रही डीसीएम की चपेट में आकर वह कुचला गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। डीसीएम चालक गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची रामराज पुलिस ने शव उठाने का प्रयास किया तो परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव नहीं उठने दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम जानसठ उमेश मिश्रा व सीओ जानसठ एसकेएस प्रताप ने मुआवजे का आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत करा कर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने डीसीएम चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया है। डीसीएम को कब्जे में ले लिया है।