मुजफ्फरनगर। बोगस फर्म बनाकर माल की खरीद-फरोख्त किये बिना करीब 2.22 करोड़ रुपये का आईटीसी रिफंड हड़प लिया गया। राज्यकर विभाग की ओर से जांच की गई तो मौके पर फर्म भी अस्तित्वहीन पाई गई। विभाग की ओर से आरोपी के विरुद्ध शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
राज्य वस्तु एवं सेवाकर विभाग के सहायक आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि केवलपुरी रुड़की रोड के पते पर करीब पौने दो वर्ष पूर्व सलीम नाम के व्यक्ति ने प्लास्टिक स्क्रेप की बिक्री के लिए सनराइज एंटरप्रोइजेज के नाम से फर्म रजिस्टर्ड कराई थी। फर्म की ओर से खरीद-फरोख्त किये बिना करअपवंचन के उद्देश्य से बिल प्राप्त कर लिए गए। बोगस आईटीसी प्रदर्शित कर राज्य के भीतर व्यापारियों को बिना किसी मूवमेंट के माल की बिक्री प्रदर्शित आईटीसी पासऑन की गई। जिससे क्लेम्ड इनपुट टैक्स क्रेडिट 2.22 करोड़ रुपये हड़प लिये गए। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।