मुजफ्फरनगर। कलांगन की ग्रीष्मकालीन कार्यशाला में कला अध्यापक पुनीत कुमार ने रिलीफ मूर्ति का प्रशिक्षण दिया।
पुनीत कुमार ने छात्र-छात्राओं को पीओपी के द्वारा एक आयताकार सांचे में घोल को जमा करके उसके द्वारा एक सुंदर आकर्षक गणपति की आकृति को टूल्स के माध्यम से उत्कीर्ण किया, जिससे एक बेहतरीन रिलीफ तैयार हुआ। छात्र-छात्राओं को रिलीफ मूर्तिकला की बारीकियों से अवगत कराया। बीए और एमए कक्षाओं के विद्यार्थियों ने भी रिलीफ मूर्ति बनाने में रुचि के साथ मूर्तियां गढ़ी।
शिविर के संयोजक डॉ. अनिल सैनी ने बताया कि शिविर में नन्हे- मुन्ने कलाकार भी रेखांकन के माध्यम से अपने भावों की अभिव्यक्ति कर रहे हैं। जल रंगों के द्वारा कागज पर प्राकृतिक सौंदर्य की छटा को भी बिखेर रहे हैं।
शिविर के संचालक डॉ. राजबल ने बताया कि कल सहारनपुर की नवोदित कलाकार तैय्यबा एवं रूबी खान तेल माध्यम में एक अनोखी कलाकृति का सृजन करके विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण के दौरान श्रुति, प्रीति धीमान, अंशिका वर्मा प्रत्यूष सिंह, सार्थक अरोरा, ऐश्वर्या, शिवानी, मनीषा सैनी, सृष्टि, पूनम, विदुषी, आयुषी, मसीयत फातमा, हिमानी मित्तल, अनंता रानी, अंशुल, साक्षी, अविका आदि उपस्थित रहे। शिविर में कला प्रवक्ता जनेश्वर दास, देव दयाल, सुनील कुमार एवं कुलदीप आदि का सहयोग रहा।