संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल अटल कुमार राय ने कलक्ट्रेट के न्यायिक अनुभाग, वाद सहायक और आरए अनुभाग का निरीक्षण कर पत्रावलियों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। विकास भवन में जिला ग्राम विकास कार्यालय, जिला विकास अधिकारी कार्यालय और जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया।
शनिवार को निरीक्षण के लिए पहुंचे मंडलायुक्त ने न्यायिक अनुभाग कार्यालय में समस्त पटलों पर रक्षित पत्रावलियों के रख-रखाव, लम्बित प्रकरण पत्रावलियों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के लिए पटल सहायकों को निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में खतौनियों का बस्ता व सूची देखीं, खतौनियां दाखिल होने की जानकारी भी ली।
मंडलायुक्त ने नकल रजिस्टर देखा और पेंडिंग प्रार्थना पत्रों की जानकारी ली। जिस पर उन्हें बताया गया कि पांच प्रार्थना पत्र लंबित हैं। मंडलायुक्त ने उन्हें शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारी को निर्देश दिए कि इसी तरह साफ-सफाई रहे। जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिए कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत अच्छे कार्य किए जाएं।
इससे पूर्व उन्होंने कलक्ट्रेट प्रांगण में लीची का पेड़ लगाकर वृक्षारोपण किया। उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया गया। मंडलायुक्त ने 25, 26 एवं 27 मार्च को लगने वाले तीन दिवसीय मेले की तैयारी को लेकर नुमाइश मैदान का निरीक्षण किया। यहां संबंधित अधिकारियों से मेले की जानकारी प्राप्त की, आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। डीएम उमेश मिश्रा, सीडीओ संदीप भागिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राज्य गजेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप आदि शामिल रहे।
शिकायतों के प्रति गंभीरता बरतें सभी विभाग
मुजफ्फरनगर। मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने विकास भवन सभागार में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंन ऊर्जा निगम अधिकारियों से कहा कि विद्युत बिल बढ़ाकर देने की शिकायतें हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि निगम के अधिकारी इस गंभीर समस्या को तत्काल दुरुस्त करें। ऑपरेटर बिलों में गड़बड़ी करता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई करें। उप निदेशक कृषि को भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा गेहूं की पराली न जलाने दी जाए। इस मामले पर ध्यान दिया जाए। वहीं सीएचसी और पीएचसी पर चिकित्सक समय, शेड्यूल के हिसाब से तैनात रहें।