गांव बड़ौदा निवासी मतृक युवक विपिन कश्यप की फाइल फोटो।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। सुल्तानपुर गावं के जंगल में घायल व अचेत अवस्था में मिले युवक की उपचार के दौरान मेरठ चिकित्सालय में मौत हो गई। युवक की पहचान गांव बड़ौदा निवासी विपिन कश्यप के रूप में हुई है। घटना की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। कश्यप समाज के लोग शव लेने के लिए मेरठ मोर्चरी पहुंच गए। घटना से आक्रोशित कश्यप समाज के लोगों ने मृतक के शव को बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर रखकर जाम लगाने की योजना बनाई। तहसीलदार द्वारा आर्थिक सहायता दिलवाने तथा घटना का खुलासा आठ दिन में करवाने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए तथा जाम नही लगाया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर के जंगल से 19 अप्रैल को देर रात पुलिस को घायल व अचेत अवस्था में एक युवक पड़ा मिला था। पुलिस ने युवक को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया था। गंभीर अवस्था में युवक को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। युवक की शिनाख्त नही हो पाई थी। गांव बड़ौदा निवासी विपिन कश्यप (22) भी 19 अप्रैल को घर से बाहर गया था। उसके वापस न आने पर परिजनों ने उसकी काफी तालाश की। उसके न मिलने पर विपिन के भाई अमित ने अपने भाई की गुमशुदगी की तहरीर बुढ़ाना कोतवाली में दी थी। पुलिस ने गुमशुदगी में मामला पंजीकृत कर लिया था।
पुलिस ने विपिन के परिजनों को बताया कि घायल अवस्था में एक युवक मेरठ चिकित्सालय में भर्ती है। विपिन के परिजन मेरठ चिकित्सालय पहुंच गए। मेरठ चिकित्सालय में उपचार के दौरान घायल विपिन की मौत हो गई थी। वह मोर्चरी में था। परिजनों ने विपिन की मोर्चरी में शिनाख्त की। विपिन की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कांग्रेस नेता देवेंद्र कश्यप परिजनों के साथ शव को लेकर बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर बड़ौदा गांव के पास पहुंचे, तो ग्रामीण उत्तेजित हो गए। शव को सड़क पर रखकर जाम लगाने की योजना बनाई। इसी दौरान तहसीलदार सतीशचंद बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को किसान बीमा योजना के अंतर्गत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता तथा आठ दिन में घटना का खुलासा करवाने का आश्वासन दिया। तहसीलदार के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए तथा शव को गांव में ले गए। गमगीन माहौल में मृतक विपिन के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
खुलासा न होने पर कश्यप नेताओं ने आंदोलन की दी चेतावनी
बुढ़ाना। फिशरमैन कांग्रेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप ने कहा कि भाजपा की सरकार में कश्यप समाज का उत्पीड़न हो रहा है। आठ दिन के अंदर कश्यप समाज के दो ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। भाजपा सरकार घटनाओं पर अंकुश लगाने में फैल हो चुकी है। उन्होनें कहा कि 16 अप्रैल को गांव फतेहपुर खेड़ी के पूर्व प्रधान कलीराम कश्यप की हत्या हो गई थी। जिसका खुलासा आज तक नही हुआ। उन्होंने कहा कि अब बड़ौदा निवासी युवक विपिन की भी हत्या हुई है। सपा के पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज का उत्पीड़न व उनके साथ हो रहे अत्याचारों को बर्दाश्त नही किया जाएगा। दोनों घटनाओं का जल्दी खुलासा नही हुआ तो कश्यप समाज आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएगा।