क्वारंटीन सेंटर में बिछाए गए गद्दों की दूरी बढ़वाई
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। जनपद में क्वारंटीन सेंटर पर कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ने के बाद जनपद के नोडल अधिकारी सतर्क हो गए। नोडल अधिकारी ने बुढ़ाना के तीन क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण किया। क्वारंटीन हुए ग्रामीणों के आराम करने के गद्दों की दूरी बढ़वाई गई। उन्होंने क्वारंटीन ग्रामीणों को भी विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
दूसरे प्रदेशों व जनपदों से आने वाले सैकड़ों ग्रामीणों को प्रशासन ने कस्बे में तीन स्थानों पर क्वारंटीन सेंटर बनाकर वहां पर क्वारंटीन किया है। नोडल अधिकारी आरएन यादव सोमवार को दोपहर में क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण किया। सबसे पहले वे नगर पंचायत के सामुदायिक केंद्र पर पहुंचें। वहां पर उन्होंने हॉल में क्वारंटीन हुए ग्रामीणों के आराम करने व सोने के गद्दों की दूरी बढ़वाई। उन्होंने ग्रामीणों को सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाया तथा इस महामारी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों का यह काफिला फिर डीएवी डिग्री कॉलेज पहुंचा। वहां की व्यवस्था देखकर क्वारंटीन हुए ग्रामीणों के बीच दूरी बढ़वाई। नोडल अधिकारी ने क्वारंटीन हुए ग्रामीणों की अन्य सुविधाओं बाथरूम व शौचालय आदि का भी निरीक्षण किया। उसके बाद यह काफिला सनराइज स्कूल पहुंचा। वहां हुए क्वारंटीन ग्रामीणों के बीच भी दूरी बढ़वाई गई।