मकान में लगी आग को बुझाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मोरना के तिस्सा गांव में रविवार रात शब ए बरआत के दौरान की जा रही आतिशबाजी की चिंगारी से दूध कारोबारी के यहां आग लग गई। आग में लाखों का ईंधन जलकर राख हो गया। आग के विकराल रूप को देखकर ग्रामीण सहम गए। सूचना के डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। तीन घंटे के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया।
शब ए बरआत के मौके पर युवक आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान आतिशबाजी की चिंगारी दूध कारोबारी सलीम पुत्र जहीर के ईंधन में जा गिरी और आग लग गई। सलीम अपने भाइयों रहीस अब्बास और अनीस अब्बास के साथ मिलकर दूध का कारोबार करता है। मकान के बराबर में दूध की भट्ठी चलाने के लिए लाखों रुपये का ईंधन जमा कर रखा था।
आग की लपटें देखकर तिस्सा और अलीपुर के ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। अहसान, पप्पू, वसीम, हसनरजा, नातिक, अब्बास, आसिफ, हुसैन हैदर आदि ने तालाब और हैंडपंपों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा।
जिम्मेदार लोगों ने युवाओं को समझाकर शांत किया। तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान जौली गंगनहर से भी पानी लाया गया। मुख्यालय पर खबर गई थी कि आग से कई लोग झुलस गए, जिस पर एंबुलेंस भी आ गई थी। पीड़ित दूध कारोबारी ने बताया कि आग से कई लाख रुपये का ईंधन जल गया।