बिना प्रमाण पत्रों के चल रहा था अस्पताल, किया सील
पुरकाजी। बिना पंजीकरण के अप्रशिक्षित डॉक्टरों द्वारा प्रसव के दौरान ऑपरेशन करने की शिकायत मिलने पर सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे के बाहरी छोर पर संचालित गिरी अस्पताल को सील कर दिया।
गांव खाईखेड़ी निवासी शिवम त्यागी ने 15 मार्च को उक्त अस्पताल में अपनी पत्नी आँचल का प्रसव कराया था। अगले दिन आँचल की तबियत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे मुजफ्फरनगर भेज दिया, जहां उसकी रास्ते में मौत हो गई थी। मृतका के मायके वालों ने थाने पर तहरीर देकर दहेज न देने पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर उसके पति सहित सास व देवर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। मामले की जांच के लिए सीओ सदर हेमंत कुमार ने भी अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच की थी।
पीएचसी के प्रभारी चिकित्सक डॉ. अरुण कर्णवाल ने बताया कि अस्पताल में अप्रशिक्षित डॉक्टरों द्वारा प्रसव के दौरान ऑपरेशन करने की शिकायत मिली थी। जिसकी जांच की गई। जांच में अस्पताल का पंजीकरण नहीं मिला। कोई भी कागजात, प्रमाण पत्र नहीं दिखाने पर अस्पताल को सील कर दिया गया है। टीम में डॉ. अजीम अहमद, योगेश शर्मा, आरिफ अहमद आदि मौजूद रहे।