मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्रों ने अयोध्या में स्टेट कराटे प्रतियोगिता में जीत का परचम लहराया। शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक पर कब्जा करते हुए स्कूल व जिले का नाम रोशन किया।
अयोध्या के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में 24 से 28 सितंबर तक चली 67वीं प्रदेशीय कराटे प्रतियोगिता में जिले के होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज के छात्रों ने भी प्रतिभाग किया था। टीम मैनेजर नितिन बालियान और कोच नीरज सैनी ने बताया कि छात्र नैतिक रुहेला ने 40 किग्रा भार वर्ग में रजत और दिव्यांश ने 45 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक पर कब्जा कर जीत का परचम लहराया।
लौटने पर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और पटका पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें आशीर्वाद देकर उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर आजाद सिंह, संत कुमार, मनोज, अजित सिंह, रीता दहिया सहित अन्य शिक्षिकाओं ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।