संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि दूषित पानी और भोजन सहित अन्य कारणों से कम उम्र में भी लोगों को लिवर की बीमारी जकड़ रही है। ऐसी ही लिवर की एक संक्रामक बीमारी हेपेटाइटिस है। विश्व हेपेटाइटिस डे पर जिला अस्पताल के भवन पर आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ कहा कि आमतौर पर वायरल संक्रमण के कारण होने वाली हेपेटाइटिस की समस्या लिवर में सूजन का कारण बनती है। यह कई अन्य कारणों जैसे ऑटोइम्यून रोगों की वजह से भी हो सकती है।
उन्होने बताया कि हेपेटाइटिस मुख्य रूप से पांच प्रकार हेपेटाइटिस ए, बी, सी, डी और ई का होता है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ.संजय वर्मा ने कहा कि जिला अस्पताल में हेपेटाइटिस रोग से पीड़ित मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं।
नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ.योगेंद्र त्रिखा ने कहा कि हेपेटाइटिस होने के साथ ही उपचार आवश्यक है। लेकिन इससे पहले बीमारी के प्रति जागरूकता पैदा कर स्वयं और दूसरो को भी इससे बचाया जा सकता है। डॉ. एमके बंसल, डॉ.पंकज जैन, डॉ.हिमांशु गोयल, डॉ.पीके त्यागी, फार्मासिस्ट अनिल कुमार शामिल रहे।