फिरोजपुर में बबीता के घर पहुंचे संत मोरारी बापू : संवाद
मोरना। मानस मर्मज्ञ मोरारी बापू कैलाश कुटी से निकले और फिरोजपुर गांव एक झोपड़ी पर उनकी गाड़ी रुक गई। बापू बोले, माता जी आपके घर की भोजन प्रसाद पाएंगे। सुनकर बबीता की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। घर में भक्ति और श्रद्धा की धारा बही।
शुकतीर्थ में रामकथा को आए बापू अक्सर वीतराग संत की फकीरी का जिक्र करते है। कथा के बाद बापू गंगा घाट कुटिया से चले और दुर्गा धाम होकर फिरोजपुर गांव पहुंच गए। यहां सतीश कुमार के घर बापू को देख हर कोई अचरज में रह गया। बापू ने भिक्षा पाने की इच्छा बताई।
साथ आए शिष्यों ने वहां पड़ी चारपाई पर चादर बिछा दी। बच्चों ने चरण छुए और माता ने प्रणाम किया। कच्ची जमीन, चूल्हे पर बनता खाना और भिक्षा को बैठे बापू। वैराग्य का यह मनोभाव ग्रामीणों के लिए न भूलने वाला क्षण बन गया।
मां बलेशरी और राजकुमारी बताती है कि बापू को अपने बीच पाकर हमें प्रसन्नता हुई। पड़ोसी कंवर पाल, प्रताप और आदेश महाराज भी आ गए। गृहणी बबीता रानी बताती है कि बापू ने आलू की सब्जी और चूल्हे की उपले में सिकी रोटी का प्रसाद पाया। वह डेढ़ घंटे तक हमारे घर आंगन में रहे और सबसे बातें की। बापू ने भिक्षा पाकर हमारी झोपड़ी को महका दिया। जय सियाराम कहकर बापू ने विदा ली और साधुवाद किया।