मुजफ्फरनगर के छपार में दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे से गांव ताजपुर जाने वाले मार्ग पर काले रंग के बैग में महिला का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। महिला की हत्या कर हाथ पांव रस्सी से बांध कर बैग में भर कर यहां फेंका गया।
रविवार सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने मार्ग के किनारे एक बड़ा काला बैग पड़ा देखा। राहगीरों ने इस संबंध में पुलिस को खबर दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैग को देखा, लेकिन उसे छुआ नहीं। मुजफ्फरनगर से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस को डर था कि कि कहीं उसमें विस्फोटक सामग्री तो नहीं। टीम ने आकर बैग को खोला तो उसमें एक करीब पैंतीस वर्षीया महिला का शव मिला क्षतविक्षत हालत में मिला।
महिला का गला और हाथ पांव रस्सी से बंधे हुए थे। शव काफी पुराना लग रहा था और दुर्गंध आ रही थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस महिला की रस्सी से फांसी लगा कर हत्या कर शव को बैग में भर कर यहां लाकर फेंका गया है। मृतका की पहचान नहीं हो सकी।
बाद में पुलिस ने शव को पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ वेदप्रकाश गिरि का कहना है कि शव यहां लाकर फेेंका गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव की पहचान के प्रयास कराए जा रहे है, इस संबंध में आसपास के थानों और जिलों की पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट जाने के बाद ही महिला की हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।