देवबंद। दारुल उलूम में डेढ़ वर्ष बाद परीक्षा होगी। मजलिस-ए-तालीमी बोर्ड ने निर्णय लिया है कि 27 नवंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षा कराई जाएगी। विभागाध्यक्ष ने छात्रों से तैयारियों में जुटने का आह्वान किया है।
कोरोना काल से बंद सभी शिक्षण संस्थानों सहित दीनी तालीम के बड़े इदारे दारुल उलूम में भी शिक्षण कार्य आरंभ हो गया था। जिसके बाद देश के कोने कोने से काफी संख्या में छात्र दारुल उलूम पहुंचे थे। प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद छात्र पढ़ाई में जुटे हुए हैं। बृहस्पतिवार को संस्था में मजलिस-ए-तालीमी बोर्ड की बैठक का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष मौलाना खुर्शीद अनवर गयावी ने बताया कि मजलिस-ए-शूरा की मुहर लगने के बाद बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संस्था में आगामी 27 नवंबर से 5 दिसंबर के बीच छात्रों की अर्द्धवार्षिक परीक्षा कराई जाएगी। उन्होंने सभी छात्रों से परीक्षा की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया, साथ ही कहा कि कोरोना का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। इसलिए स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन का सख्ती के साथ पालन किया जाए।