धनतेरस पर अंधेरे में डूबा आधा शहर
मुजफ्फरनगर। धनतेरस की उमंग के बीच रविवार रात करीब 9.30 बजे अचानक बिजली गुल होने से आधा शहर अंधेरे में डूब गया। जिस समय बिजली गुल हुई, शहर के भगत सिंह रोड, शिवचौक, रुड़की रोड, टाउनहाल रोड समेत अन्य बाजारों में खरीदारी के लिए भारी भीड़ थी।
शुरूआत में लोग जल्द बिजली सप्लाई शुरू होने की उम्मीद करते रहे, लेकिन धीरे-धीरे एक घंटे से अधिक समय तक भी बिजली शुरू नहीं हुई, जिससे लोगों का धैर्य जवाब देने लगा। लोगों ने विद्युत निगम को फोन करने शुरू किए, लेकिन अधीनस्थों के कॉल रिसीव नहीं हुए। देर रात तक सप्लाई शुरू न होने के चलते शिवचौक, भगतसिंह रोड, झांसी रानी, टाउन हाल रोड, रुड़की रोड, अंसारी रोड समेत आधे से अधिक शहर की सभी मार्केट अंधेरे में डूबी हुई थी।
एक्सईएन ओपी मिश्रा ने बताया कि शहर के भोपा रोड स्थित विद्युत केबल अत्यधिक लोड के चलते फटने से टाउनहाल बिजलीघर ठप हो गया। इससे टाउनहाल फीडर से जुड़े आधे शहर की बिजली आपूर्ति बंद हो गई है। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें क्षतिग्रस्त केबल बदलने में लगी हुईं हैं, जल्द ही आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।