भोपा में महिलाओं को योग कराती पूजा राठी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
भोपा। गांव सिकंदरपुर निवासी योगाचार्य व गोल्ड मेडलिस्ट दंपती विपिन गोलियान व पूजा राठी ने लोगों को योग के प्रति जागरूक कर रहे हैं। दंपती चीन में भी लोगों को योग कराकर अलग पहचान बना चुके हैं।
क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर निवासी योगाचार्य विपिन गोलियान व उनकी पत्नी पूजा राठी किसान परिवार से संबंध रखते हैं। योग में पीजी डिप्लोमा व एमए मास्टर डिग्री होल्डर योगाचार्य विपिन कहते हैं कि तीन वर्षों से वे चीन में योग सिखा रहे हैं। वहां सैकड़ों लोग योग के माध्यम से उनके संपर्क में आए हैं। चीन में कई ऐसे विदेशी पुरुष व महिलाए उनके संपर्क में आए, जो भयंकर बीमारी से पीड़ित थे और योग के माध्यम से उन्हें पूरी तरह स्वस्थ किया गया।
उनकी पत्नी पूजा राठी भी 2014 में नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकी हैं। वर्तमान में वह यूपी योगा स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा कराए जाने वाले कंपटीशन में जज के रूप में भी काम करती हैं। कोरोना के चलते यह दंपती चीन से स्वदेश लौट आया है और अब हरिद्वार में योग केंद्र चला रहे हैं। वे युवाओं को नि:शुल्क योग सिखाने के साथ ही उन्हें योग के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं। इसके तहत वे गांव दर गांव योग शिविर आयोजित करते हुए स्कूल-कॉलेजों में भी योग पर व्याख्यान देते हैं। दंपती का कहना है कि युवा योग के माध्यम से निरोग रहने के साथ-साथ रोजगार भी आशानी से तलाश सकते हैं। वर्तमान समय में योग विज्ञान विश्व में तेजी से अपनी जगह बना रहा हैं। उन्होंने कोरोना काल में लोगों से नियमित तौर पर योग को अपनाने की अपील की।
नन्हीं दिव्यांशी भी करती है योग
भोपा। योगाचार्य विपिन व पूजा राठी की साढ़े तीन साल की बेटी दिव्यांशी भी माता-पिता को देख योग में रुचि रखती है। वह रोजाना बिना कहे ही योगाभ्यास करती है। भोपा स्थित आयुर्वेदिक चिकित्सालय प्रभारी डा. शिक्षा रानी ने योग से एमएससी की डिग्री हासिल की है। वे अस्पताल में आयुर्वेदिक दवाइयों के साथ ही योग से भी उन्हें स्वास्थ्य लाभ करातीं हैं। उन्होंने लोगों को योग के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि हम योग से अपनी काया को निरोगी रख सकते हैं।