सेमीफाइनल में पहुंचने वाली ग्लोबल क्रिकेट एकेडमी की टीम
- फोटो : DEVBAND
ग्लोबल क्रिकेट एकेडमी सेमीफाइनल में पहुंची
देवबंद (सहारनपुर)। ग्लोबल क्रिकेट एकेडमी में चल रहे प्रथम फैजान मेमोरियल अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के पांचवें दिन ग्लोबल क्रिकेट एकेडमी व वोरियर क्रिकेट एकेडमी के बीच मैच खेला गया। ग्लोबल एकेडमी ने 273 रन से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
स्टेट हाईवे स्थित एकेडमी में चल रहे टूर्नामेंट में ग्लोबल एकेडमी के कप्तान अभिजीत राणा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने 30 ओवर में छह विकेट खो कर 391 रन का विशाल लक्ष्य वोरियर क्रिकेट एकेडमी टीम के सामने रखा। ग्लोबल के बल्लेबाज अजमल ने 12 गगनचुंबी छक्के व 30 शानदार चौकों की बदौलत मात्र 92 गेंदों पर दोहरा 223 रन की ताबड़तोड़ पारी खेलकर एकेडमी में रिकॉर्ड कायम किया। जबकि मुबस्सिर 49, अभिजीत राणा ने 45 रन बनाकर उच्च स्कोर में अहम भूमिका निभाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वोरियर क्रिकेट एकेडमी की टीम ग्लोबल क्रिकेट एकेडमी के तेज गेंदबाजों के सामने बौखला गई और मात्र 17.2 ओवर में 118 रन बनाकर ढेर हो गई। गौतम ने चार ओवर में मात्र 20 रन देकर पांच विकेट लिए। अभिषेक पुंडीर व शौर्य ने दो-दो विकेट लिए। शानदार बल्लेबाजी करने वाले अजमल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस दौरान ग्लोबल के चेयरमैन साद सिद्दीकी, अहमद सिद्दीकी शोएब, अजमल आदि मौजूद रहे।