अपने मोहल्ले के निवासियों को कोरोना से बचाव की जानकारी देती एनएसएस की छात्रा।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
- जैन कन्या डिग्री कॉलेज की अल्पसंख्यक वर्ग की छात्राएं आ रहीं आगे
मुजफ्फरनगर। मुस्लिम समाज के लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने के लिए जैन कन्या डिग्री कॉलेज की छात्राएं आगे आ रहीं हैं। खालापार, किदवईनगर, लद्दावाला, सरवट की रहने वाली मुस्लिम समाज की छात्राओं ने ही लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने का काम शुरू किया है। ये छात्राएं खुद मास्क बनाकर वितरित भी कर रही हैं। उधर छोटूराम महाविद्यालय के एनएसएस के स्वयंसेवक जन जागरूकता के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
मेरठ रोड स्थित जैन कन्या पाठशाला महाविद्यालय में अल्पसंख्यक समाज की छात्राओं की संख्या 70 प्रतिशत के लगभग है। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सीमा जैन और शिक्षिकाओं के निर्देशन के बाद एनएसएस, रोवर्स-रेंजर्स की छात्राओं ने अपने ही क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया है। ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट की छात्राएं कोरोना से बचाव के लिए अपने हाथ लिखे पोस्टर लोगों के घरों पर लगा रही हैं और उन्हें जागरूक कर रही हैं। इसी के साथ खुद मास्क बनाकर उनका वितरण भी कर रही हैं। अपने ही समाज की बेटियों की बात लोगों की समझ में भी आसानी से आ रही है। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सीमा जैन ने छात्राओं के प्रयास की तारीफ की है। उनका कहना है कि कॉलेज की शिक्षिकाएं छात्राओं का लगातार उत्साहवर्धन कर रही हैं। आरोग्य सेतु एप के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
चौधरी छोटूराम महाविद्यालय के एनएसएस के छात्र भी जागरूकता को लेकर अभियान चलाए हुए हैं। शहर की कालोनियों में मास्क का वितरण भी कर रहे हैं। प्राचार्य डॉ. नरेश मलिक ने बताया कि एनएसएस के कोऑर्डिनेटर डॉ. गिरिराज किशोर के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करने के साथ ही आरोग्य सेतु एप से जोड़ऩे का काम भी कर रहे हैं।