सुजड़ू में पांच परिवारों के 26 लोग होम क्वारंटीन
रुड़की के हॉटस्पॉट क्षेत्र से भागकर आ गए थे अपने घर
मुजफ्फरनगर। शहर से सटे गांव सुजड़्ू में उत्तराखंड के रुड़की शहर के हॉटस्पॉट एरिया से भागकर आए नौ मजदूरों ने पुलिस-प्रशासन के होश उड़ा दिए। रात भर अभियान चलाकर पुलिस ने उक्त नौ लोगों के पांच परिवारों के 26 लोगों की स्वास्थ्य जांच करते हुए सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़्ू निवासी नौ लोग उत्तराखंड के रुड़की में मजदूरी करते थे। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि रुड़की में जिस स्थान पर उक्त लोग रहते थे, वह कुछ दिन पूर्व कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया था। इसके चलते उक्त लोगों को भी रुड़की प्रशासन ने होम क्वारंटीन कर दिया था। दो दिन पहले सभी नौ लोग हॉटस्पॉट एरिया से भाग निकले और जंगलों से होते हुए सुजड़ू स्थित अपने घरों में पहुंच गए। इसकी जानकारी न तो उन्होंने स्थानीय प्रशासन को दी और न ही उनके परिजनों ने। उधर, रुड़की प्रशासन को जब नौ लोगों के वहां से भागने की जानकारी मिली तो शनिवार को वहां से मुजफ्फरनगर प्रशासन को इससे अवगत कराया गया। इसके बाद, गांव सुजड़ू में शनिवार रात से ही इन लोगों की खोज के लिए अभियान शुरू किया गया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि रात भर चले अभियान के दौरान इस सभी नौ लोगों के पांच परिवार सामने आए। इन परिवारों के 26 सदस्यों की तत्काल स्वास्थ्य जांच कराने के बाद सैंपल लिए गए, जिसके बाद इन सभी को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। पांचों परिवारों के सभी लोगों को घर से बाहर न निकलने और किसी को घर में न बुलाने की कड़ी चेतावनी दी गई है।