मुजफ्फरनगर के शहर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती शादी से एक माह पहले ही घर से पांच लाख की नकदी व जेवरात लेकर संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने मोहल्ले के ही युवक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी दो दिन पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हो गई। युवती की शादी तय हो गई थी और एक माह बाद बरात आनी थी, लेकिन इससे पहले ही वह लापता हो गई।
परिजनों के अनुसार युवती अपनी शादी की तैयारियों के लिए घर में रखी गई पांच लाख की नकदी के साथ ही लाखों रुपये की कीमत के जेवरात भी साथ ले गई है। तलाश करने पर पता चला कि मोहल्ले में ही रहने वाला युवक लापता युवती के साथ जाते देखा गया था। युवती के परिजन युवक के घर पहुंचे तो वह भी उसी दिन से लापता पाया गया।
परिजनों ने आरोपी युवक पर ही युवती के अपहरण का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ युवती के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश के प्रयास शुरू कर दिए हैं।