बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा
मुजफ्फरनगर। शहर के बंद घरों की रेकी कर उनमें चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब ढाई लाख रुपये कीमत के चोरी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
नई मंडी थाना पुलिस बृहस्पतिवार सुबह पचेंडा रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार तीन युवकों को जांच के लिए रोका गया। सीओ धनंजय सिंह कुशवाहा ने बताया कि शक के आधार पर तीनों युवकों को थाने लाकर पूछताछ की गई तो उन्होंने क्षेत्र के छह घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देनेे की जानकारी दी। इस पर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखे गए करीब ढाई लाख रुपये कीमत के चोरी के जेवरात बरामद किए गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दीपक उर्फ शैंकी निवासी गांव खेड़ा मस्तान, फुगाना हाल निवासी कांशीराम कॉलोनी खांजापुर, मोहित निवासी मोहल्ला जनकपुरी और शंकर निवासी कच्ची सड़क शामिल हैं। आरोपी बरामद की गई स्कूटी से दिनभर शहर क्षेत्र में घूमकर बंद पड़े घरों की रेकी करते हैं। इसके बाद रात में बंद मकान के ताले तोड़कर आरोपी घटना को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते हैं। आरोपियों के खिलाफ सहारनपुर, मेरठ और शामली में भी करीब 12 चोरी, लूट के मुकदमे दर्ज हैं। तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।