किराए के मकान को अपना बताकर हड़प लिए योजना के रुपये
फर्जीवाड़ा
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। मोहल्ला तहबलपुरा में एक व्यक्ति ने किराए के मकान को अपना दर्शाकर पीएम आवास योजना के तहत आवेदन कर पहली किस्त के 50 हजार रुपये हड़प लिए। मकान मालिक की शिकायत पर कराई गई जांच में मामला सही पाया गया। जिस पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
कस्बे के मोहल्ला तहबलपुरा निवासी इमराना के मकान में करीब एक साल से शमशुद्दीन उर्फ तेल्लू किराए पर रह रहा है। इमराना ने कुछ दिन पूर्व जिला परियोजना अधिकारी संदीप कुमार को लिखित शिकायत कर बताया कि किराएदार शमशुद्दीन ने किराए के मकान को अपना बताकर जून-2019 को पीएम आवास योजना के लिए आवेदन किया है। आरोप है कि साठगांठ कर उसके आवेदन को बिना जांच के ही पास कर पहली किस्त के 50 हजार रुपये भी शमशुद्दीन के बैंक खाते में डाल दिए। जिन्हें आरोपी ने तत्काल निकाल लिया। इमराना ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर मकान खाली कराने की गुहार लगाई।
मामला गंभीर देख जिला परियोजना अधिकारी ने डूडा के स्थानीय सुपरवाइजर मनोज कुमार को मामले की जांच सौंपी, जांच में आरोप सही पाए गए। इस पर बृहस्पतिवार को मनोज कुमार ने आरोपी शमसुद्दीन उर्फ तेल्लू के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोट दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया। इंस्पेक्टर पंकज त्यागी ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।