मुठभेड़ में लुटेरे गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। तितावी पुलिस ने धौलरा-जसोई रोड तिराहे के पास हुई मुठभेड़ में लुटेरे गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। करीब दो माह पूर्व आरोपियों ने शामली में पेट्रोल पंप लूटने के साथ ही शहर के बुढ़ाना मोड़ व बुढ़ाना कस्बे के कांधला रोड पर पेट्रोल पंप लूट के प्रयास की घटनाओं का खुलासा किया है।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में बृहस्पतिवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात तितावी एसओ कपिलदेव ने टीम के साथ धौलरा-जसोई मार्ग तिराहे के पास चेकिंग के दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस टीम को देख बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में खालिद पुत्र अलीशेर व चांदवीर पुत्र नरेंद्र, निवासी गांव चिरौली नवादा थाना भौराकलां, विकास पुत्र मुकेश निवासी ग्राम धौलरी और महबूब पुत्र हबीब निवासी बुढ़ाना शामिल हैं। आरोपियों के पास से एक पिस्टल-तीन कारतूस, एक रिवाल्वर-दो कारतूस, तमंचा-तीन कारतूस व एक चाकू बरामद किया गया है। इसके साथ ही लूट व चोरी की दो बाइकें, लूटा गया मोबाइल और पेट्रोल पंप से लूटे गए दस हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में करीब एक दर्जन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
शामली जनपद में की थी पेट्रोल पंप पर लूट
मुजफ्फरनगर। एसपी देहात नेपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों ने करीब दो माह पूर्व शामली जनपद के वैदेही फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर लूटपाट को अंजाम दिया था। यहां से लुटेरों ने सेल्समैन से हजारों की नकदी लूटी थी। आरोपियों के कब्जे से इस पेट्रोल पंप से लूटे गए दस हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त की गई बाइक बरामद की गई है। बरामद बाइक भी चोरी की पाई गई है।
लूट का विरोध करने पर सेल्समैन को मारी थी गोली
मुजफ्फरनगर। एसपी देहात ने बताया कि लुटेरों ने बुढ़ाना के गांव जौला में कांधला मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर करीब डेढ़ माह पूर्व लूटपाट का प्रयास किया था। लूट का विरोध करने पर आरोपियों ने पेट्रोल पंप के एक सेल्समैन को गोली भी मार दी थी। वहीं, करीब 15 दिन पूर्व शहर क्षेत्र के बुढ़ाना मोड़ पर भी आरोपियों ने पेट्रोल पंप लूट का प्रयास किया था, लेकिन ऐनवक्त पर पुलिस टीम के पहुंचने पर आरोपी फायरिंग करते हुए भाग निकले थे। इसके अलावा, आरोपियों ने करीब चार माह पूर्व बुढ़ाना में हिंडन नदी के पास स्थित ट्रांसपोर्टर के मकान में भी चोरी का प्रयास किया था।