सिपाही पर महिला ने लगाए अभद्रता के आरोप
खतौली। थाने में तैनात एक सिपाही पर महिला ने आरोप लगाते हुए एसएसपी के यहां शिकायती पत्र दिया है। आरोप है कि आरोपी सिपाही ने गांव पहुंचकर महिला के पति को एनकाउंटर में मारने की धमकी देते हुए महिला से अभद्रता की। महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
खतौली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसएसपी के यहां दिए शिकायती पत्र में बताया कि गत देर सायं एक खतौली थाने का सिपाही उनके घर पहुंचा। सिपाही ने महिला के पति को अपराधी बताते हुए रुपये की मांग की। रुपये न देने पर एनकाउंटर करने की धमकी दी। महिला की ननद द्वारा विरोध करने पर सिपाही ने पीड़ित महिला को अपना निशाना बनाया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सिपाही ने पहले गाली गलौच की, फिर पिस्टल के बल पर उसके कपड़े फाड दिए, इतना ही आरोपी ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर शराबे की आवाज पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखकर सिपाही जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चला गया। कुछ देर बाद अपने साथ थाने के कुछ सिपाहियों को लेकर आया और मकान में तोड़फोड़ की। आसपास के मकानों में भी तोड़फोड की। पीड़ितों का आरोप है कि दबाव बनाने के लिए पडौस के एक व्यक्ति को भी अपने साथ ले गया। पीड़िता ने एसएसपी से मामले की जांच कराकर जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।