मुजफ्फरनगर। प्रो कबड्डी लीग 2018 के छठे सीजन में पहली बार जिले के चार खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। सात अक्तूबर से चेन्नई में प्रारंभ हो रहे टूर्नामेंट में देश की 12 टीम खिताब को ताकत झोकेंगी। यू मुंबा और हरियाणा स्टीलर्स वो टीमें है, जिन्होंने इन उभरते कबड्डी सितारों को मौका दिया है। लीग 13 हफ्ते चलेगी और फाइनल पांच जनवरी 2019 को मुंबई में होगा।
आईपीएल और आईएसएल के बाद प्रो कबड्डी लीग की सफलता से देश में ग्रामीण पृष्ठभूमि का यह खेल पसंदीदा बन रहा है। जिले में कबड्डी को सबसे बड़ी पहचान तब मिली, जब दोहा और बुसान एशियाई खेलों में अर्जुन अवार्डी मुंडभर गांव के संजीव कुमार ने लगातार दो गोल्ड मेडल जीते। कबड्डी और वॉलीबाल ऐसे गेम हैं, जो सबसे ज्यादा गांव में खेले जाते हैं। ग्लैमर और पैसा बरसने से प्रो कबड्डी की धूम मची है।
कबड्डी जैसे खेल में खिलाड़ी कैरियर की ऊंचाईयां छू रहे हैं। वर्ष 2014 में पहली प्रो कबड्डी लीग खेली गई, जिसमें जयपुर पिंक पैंथर्स विजेता बनी। यू मुंबा टीम ने वर्ष 2015 का खिताब जीता। लगातार तीन बार से पटना पायराइट्स चैंपियन है। छठा सीजन खास बन गया है, क्योंकि मुजफ्फरनगर के चार खिलाड़ी लीग कबड्डी में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें खेलेगी। पिछले सीजन में खेली टीमों की संख्या केवल आठ थी। मई में हुई नीलामी प्रक्रिया में देश भर के 422 खिलाड़ियों में से जिले के रोहित बालियान, अर्जुन देशवाल और मोहित बालियान यू मुंबा और सुधांशु त्यागी हरियाणा स्टीलर्स टीम में लिए गए है। पूरे जिले की निगाहें अपने जाबांजों के खेल पर रहेगी।
यू मुुंबा: रोहित बालियान
शाहपुर ब्लाक के गांव काकड़ा का बेटा रोहित बालियान रेलवे में टिकट निरीक्षक है। मेरठ कॉलेज मेरठ से स्नातक रोहित ने कबड्डी को जुनून से सीखा। किसान रामजीत के पुत्र को इस खेल ने भी ऊंचाईयां दे दी। उन्हें यू मुंबा टीम ने 20 लाख की कीमत पर लिया है।
----
हरियाणा स्टीलर्स: सुधांशु त्यागी
शाहपुर क्षेत्र के गांव दिनकरपुर निवासी अनिल त्यागी के पुत्र सुधांशु यूपी टीम से दो बार राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप खेल चुके है। बेस्ट राइट कवर के माहिर हैं। डीएवी डिग्री कॉलेज में एमए के इस छात्र को हरियाणा स्टीलर्स 6.60 लाख में अपनी टीम में चुना है।
--------
यू मुंबा: मोहित बालियान
शहर के डीएवी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष के छात्र मोहित बालियान कबड्डी में लेफ्ट कॉर्नर और रेडर के स्पेशलिस्ट हैं। यूपी टीम से तीन नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता खेल चुके हैं। शाहपुर ब्लाक के गांव काकड़ा निवासी किसान रमेशचंद के बेटे मोहित से यू मुंबा ने 6.60 लाख में करार किया है।
यू मुंबा: अर्जुन देशवाल
पुरकाजी ब्लाक के गांव बसेड़ा के अर्जुन देशवाल बीजी रुडक़ी आर्मी में सैनिक है। बचपन से कबड्डी में रमे अर्जुन ने जनता जनार्दन इंटर कॉलेज से 12 वीं की है। किसान चरण सिंह का यह पुत्र अच्छा रेडर है। नेशनल चैंपियनशिप खेल चुके अर्जुन को यू मुंबा ने 8 लाख में टीम से जोड़ा है।
पैसे की बारिश, बढ़ा कबड्डी का क्रेज: संजीव
मुजफ्फरनगर। कबड्डी प्रशिक्षक संजीव बालियान ने काकड़ा गांव में स्पोर्ट्र्स स्कूल संचालित कर रखा है। रोहित, मोहित और सुधांशु उन्हीं के प्रशिक्षु है। दिनकरपुर के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक का दायित्व निभा रहे संजीव कहते हैं कि प्रो कबड्डी लीग से युवाओं में इस गेम का क्रेज बढ़ गया है। बड़ी संख्या में नए प्रशिक्षु तैयार हैं। कैरियर के साथ अब कबड्डी में पैसे की भी बारिश हो गई है। उधर, बसेड़ा के अर्जुन देशवाल के कोच धर्मेंद्र कुमार देशवाल कहते है कि प्रो कबड्डी लीग में पांच खिलाड़ियों को एक करोड़ से ज्यादा की कीमत मिली है। मोनू गायत को सबसे ज्यादा 1.51 करोड़ मिले है। कबड्डी अब गांव का खेल नहीं रहा, बड़े मंच पर आ चुका है।