डीडीपीएस स्कूल की बसों की जांच करते यातायात अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। निजी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ किया जा रहा हैं । परिवहन विभाग के आरआई व यातायात निरीक्षक ने दो स्कूलों में वाहनों की फिटनेस जांच के दौरान खामियां पकड़ी हैं। बाइस बसों में चार दस साल पुरानी, दो अनफिट व सोलह बस सही पाई गई। पुरानी बसों के मालिकों को एनओसी लेने के आदेश दिए हैं।
स्कूलों बसों की फिटनेस में लगातार खामियां सामने आ रही हैं। सभी स्कूलों में कोई न कोई कमी पकड़ी जा रही है। शुक्रवार को दो स्कूलों में यह कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग के आरआई अनुराग वर्मा व यातायात पुलिस अधिकारी ब्रज किशोर त्यागी ने टीम के साथ देहरादून पब्लिक स्कूल व स्टेपिंग स्टोन में वाहनों की चेकिंग की। आरआई ने बताया कि स्टेपिंग स्टोन में आठ बस मौके पर मिली। जांच में चार सही मिली व दो अनफिट तथा दो बस दस साल पुरानी पाई गई। अनफिट बसों में मानकों का उल्लंघन किया जा रहा था। बसें में कंपनी की सीट के अलावा लकड़ी के फट्टे लगाए थे।
देहरादून पब्लिक स्कूल 14 बसों की जांच की गई। बारह बस सही व दो दस साल पुरानी मिली। आरआई ने बताया कि जो बसें अनफिट मिली है, उनमें मानक के अनुसार कोई ज्यादा खामियां नहीं मिली है। उनकी कमी दूर कराने के लिए कहा गया है। जो पुरानी है, उनकी एनओसी एक सप्ताह में परिवहन कार्यालय से लेने के आदेश दिए है। इन बसों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है। यदि यह बसें सड़क पर चलती मिली तो कार्रवाई की जाएगी।