पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह कुशल प्रशासक थे
शाहपुर। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर कस्बे में कई स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर पंचायत चेयरमैन प्रमेश सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह एक महान राजनेता व कुशल प्रशासक थे। हिंदूवादी ऐसे महान नेता को जीवनभर याद किया जाएगा। भाजपा नेता श्यामपाल सिंघल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह श्रीराम मंदिर आंदोलन के नायक थे। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के साथ श्रीराम मंदिर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उनका निधन पार्टी व समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं, भारतीय कश्यप जागृति संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मास्टर कृष्णपाल कश्यप व मंडल महामंत्री अनंगपाल कुटबी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री राजनीतिक व सामाजिक पुरोधा थे। उन्होंने राजनीति के साथ-साथ पिछड़ी जातियों में चेतना जगाने का भी कार्य किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में पूर्व मुख्यमंत्री एक निमंत्रण पर कस्बे में उनके संगठन के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष बालेश सिंघल और श्री आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुनील मित्तल ने भी पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भारतीय राजनीति का महान व्यक्तित्व बताया।