जाट कॉलोनी में बना शहर का पहला कंटेनमेंट जोन
मुजफ्फरनगर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में शहर के जाट कॉलोनी में पहला कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। बांस-बल्लियां लगाकर इस क्षेत्र की तीन गलियों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है, जहां के लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी गई है। इस क्षेत्र में पिछले एक पखवाड़े में दस से अधिक लोगों की मौत होने की बात सामने आ रही है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से शहर के गांधी कॉलोनी, जाट कॉलोनी, भरतिया कॉलोनी समेत कई अन्य कॉलोनियां सबसे अधिक प्रभावित हैं। इनमें भी सरकुलर रोड स्थित जाट कॉलोनी सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां पिछले एक पखवाड़े में दस से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से अधिकांश मौतें कोरोना से होने का दावा किया जा रहा है। समाजसेवी विकास बालियान ने बताया कि कॉलोनी में युवा मोनू राणा, संजीव पंवार व संजीव ऐलम समेत दस से अधिक लोगों की मौत पिछले एक पखवाड़े में हो चुकी है। इसके चलते कॉलोनी में दहशत का माहौल है। यही कारण है कि रविवार शाम प्रशासन द्वारा जाट कॉलोनी में ही शहर क्षेत्र का सबसे पहला कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। कंटेनमेंट जोन के तहत बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक के आवास से लेकर रजबहा रोड और उसके सामने स्टेडियम मार्ग को भी शामिल किया गया है, जिसे बांस-बल्लियां लगाकर पूरी तरह से सील कर दिया गया है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कंटेनमेंट जोन बनाए गए इस क्षेत्र के सभी लोगों को घरों में ही रहने की हिदायत दी है, ताकि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके।
इन्होंने कहा .......
एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने बताया कि जाट कॉलोनी क्षेत्र के कुछ इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है, जिसे बांस-बल्लियां लगाकर सील कर दिया गया है। यहां के लोगों को अपने घरों में रहने की हिदायत दी गई है।