ओम पेराडाउज में आग लगने की घटना के बाद बदहवास हालत में बहार खडे़ निवासी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ओम पैराडाइज के बंद फ्लैट में लगी आग
मुजफ्फरनगर। शहर के जानसठ रोड स्थित ओम पैराडाइज के ए-ब्लॉक में स्थित फ्लैट में रविवार शाम शॉर्टसर्किट से आग लग गई। सोसाइटी के अन्य लोगों ने एकजुट होकर आग को अन्य फ्लैटों में फैलने से रोका। वहीं, अग्निशमन विभाग द्वारा आग पर काबू पाए जाने तक संबंधित फ्लैट में लाखों कीमत का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के जानसठ रोड स्थित ओम पैराडाइज के ए-ब्लॉक में फर्स्ट फ्लोर पर नई मंडी के मूल निवासी मंजिल गुप्ता फ्लैट की स्वामी हैं। इन्होंने फ्लैट को जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर मैनेजर चौरसिया को फ्लैट किराये पर दिया हुआ है। शाम करीब चार बजे वे परिवार के साथ फ्लैट बंद कर कहीं गए थे। इसी दौरान शाम करीब सात बजे फ्लैट के सर्किट बोर्ड में शॉर्टसर्किट होने से आग लग गई। फ्लैट से धुआं निकलते देख सोसाइटी मेंबर ने उन्हें फोन कर बुलाया, जिसके बाद फ्लैट खोलकर सोसाइटी के विकास ठाकुर, शतांशु अग्रवाल व पंकज कुमार आदि ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सर्किट बोर्ड से निकली चिंगारी ड्राइंगरूम में रखे सोफे तक जा पहुंची और आगे बढ़ते हुए पूरे फ्लैट को आग ने चपेट में ले लिया। यह देख अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई, जिस पर तीन गाड़ियों के साथ सीएफओ रमाशंकर तिवारी मौके पर पहुंचे और कॉलोनी वालों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। उधर, सोसाइटी के अन्य लोगों ने संबंधित फ्लैट के आसपास के फ्लैटों को खाली कराते हुए आग आगे न बढ़े इसके पुख्ता इंतजाम किए। इसी दौरान बेडरूम में लगे एसी का कंप्रेसर आग से ब्लॉस्ट होने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना पर गैस पाइप लाइन कंपनी के कर्मचारी भी मौके पर जा पहुंचे और मुख्य गेट से गैस सप्लाई बंद कर आग को बढ़ने से रोका। इसके बाद अग्निशमन विभाग ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा फ्लैट और उसमें मौजूद लाखों का माल जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था। घटना को लेकर सोसाइटी के लोगों में कमेटी अध्यक्ष विजय गुप्ता व अर्चित गुप्ता के प्रति आक्रोश देखने को मिला।