शाहबुद्दीनपुर में कार की साइड लगने पर बखेड़ा
मुजफ्फरनगर। गांव शाहबुद्दीनपुर में कार की साइड लगने को लेकर बखेड़ा हो गया। मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ने पर दूसरे वर्ग के युवकों ने घर पर हमला कर युवक को घायल कर दिया। ग्रामीणों ने एक हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन अन्य को गिरफ्तार कर रिपोर्ट दर्ज करते हुए जेल भेज दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहबुद्दीनपुर निवासी अमित ठाकुर शनिवार रात परिवार के साथ कार से लौट रहा था। शाहबुद्दीनपुर रोड पर सामने से आती कार से उनकी कार की साइड लग गई, जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दूसरी कार में सवार युवकों ने अमित के साथ मारपीट कर दी, जिसके बाद वह घर लौट गया। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद कार सवार युवक कुछ अन्य लोगों के साथ लाठी-डंडे लेकर अमित के घर जा पहुंचे और उसे बाहर खींचकर हमला कर दिया। परिजन उसे बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने एक हमलावर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि अन्य वहां से फरार हो गए। मामला दो वर्गों का होने से गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद घायलों का मेडिकल कराते हुए पीड़ित अमित की तहरीर पर रात में ही मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गांव शेरपुर में दबिश देते हुए तीन अन्य हमलावरों को भी हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि कार की साइड लगने को लेकर अमित का दूसरी कार सवार लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद शेरपुर निवासी वसीम, शाहरुख, अंजुम व ओसामा उर्फ अफजल ने साथियों के साथ उसके घर हमला कर दिया। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।