मुजफ्फरनगर। शहर की रुड़की रोड स्थित ब्रश फैक्टरी के केबिन में रविवार तड़के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। केबिन के नीचे खड़ी कार भी जलकर नष्ट हो गई। दमकल की गाड़ी ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
शहर के मोहल्ला लद्दावाला निवासी इशरतजहां की रुड़की रोड पर ब्रश फैक्टरी है। फैक्टरी में पार्किंग स्थल के ऊपर ऑफिस का केबिन बना है। रविवार तड़के केबिन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जिसने केबिन को चपेट में ले लिया। आग लगने से केबिन से जलते लकड़ी के टुकड़े पार्किंग में खड़ी अर्टिगा कार पर जा गिरे। जिससे कार में आग लग गई। सुबह करीब सात बजे फैक्टरी संचालक मोहम्मद गुड्डू फैक्टरी पहुंचे। उन्होंने केबिन व कार में आग लगी देख फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। इस पर एफएसओ नरेश कुमार टीम के साथ पहुंचे और बमुश्किल आग पर काबू पाया। तब तक कार जलकर नष्ट हो चुकी थी। एफएसओ ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से पहले केबिन में आग लगी। जिससे उसके नीचे पार्किंग में खड़ी कार ने भी आग पकड़ ली। आग पर काबू पा लिया परंतु केबिन का अधिकतर सामान और कार जलकर नष्ट हो गई।