मोरना (मुजफ्फरनगर)। गांव तेवड़ा निवासी युवक और उसके दो बच्चों की पंजाब में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक की पत्नी व बेटे सहित तीन अन्य की हालत गंभीर है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक परिवार के साथ पंजाब में रहकर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। तीन परिजनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव तेवड़ा निवासी सुनील करीब एक साल से पत्नी नीरज और तीन बच्चों के साथ पंजाब के जनपद मोहाली के गांव फतेहपुर बेहड़ा में रहकर हुए ईंट-भट्टे पर मजदूरी करता था। शनिवार शाम उसके बच्चे की तबीयत खराब हो गई। वह बाइक पर पत्नी के साथ तीनों बच्चों को लेकर डॉक्टर के पास दवा दिलाने जा रहा था। लौटते समय गांव बरवाला व डेराबस्सी के बीच सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सुनील व उसका पूरा परिवार और दूसरी बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पंजाब पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया, जहां सुनील की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि बेटे नवनीत (6) व बेटी नीशू (3) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
उसकी पत्नी नीरज और डेढ़ वर्ष के बेटे आयुष के साथ ही दूसरे बाइक सवार युवक की हालत भी गंभीर बनी हुई है। यह तीनों भी अस्पताल में भर्ती है। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही गांव तेवड़ा में रहने वाले सुनील के परिवार में मातम छा गया। पीड़ित परिजन रात में ही पंजाब के लिए रवाना हो गए। रविवार सुबह उनकी तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बाइक सवार के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही तीनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।