देवबंद। गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी, तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने और पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण किए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के बैनर तले बुधवार को किसानों ने बाइक रैली निकाली। प्रदर्शन के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। साथ ही किसानों ने बिजली से संबंधित समस्याओं को लेकर अफसरों का घेराव किया।
पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा के नेतृत्व में बुधवार को तलहेड़ी बुजुर्ग से शुरू हुई बाइक रैली में सैकड़ों किसानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी करते हुए किसान जुलूस की शक्ल में सांपला रोड स्थित बिजलीघर परिसर में पहुंचे। वहां उन्होंने विद्युत अधिकारियों का घेराव किया और बिजली बिलों की अनियमितताओं व अघोषित विद्युत कटौती की समस्याएं रखीं।
विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता सुधाकर ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। बाद में किसानों की बाइक रैली उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंची और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम राकेश कुमार को सौंपा। भगत सिंह वर्मा ने कहा गन्ना किसानों की लागत को देखकर योगी सरकार को गन्ने का लाभकारी मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल घोषित करना चाहिए। साथ ही चीनी मिलों से बकाया गन्ना भुगतान ब्याज समेत किसानों को दिलाना चाहिए। वर्मा ने पश्चिम की जनता के विकास के लिए पृथक पश्चिम पृथक प्रदेश के निर्माण को जरूरी बताया। कहा कि छोटे राज्यों से ही देश की उन्नति संभव है। ज्ञापन में तीनों कृषि कानूनों को किसानों के लिए अभिशाप बताते उन्हें वापस लेने, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट तत्काल लागू करने, बिजली की बढ़ी दरों लो वापस लेने आदि मांगों का उल्लेख किया। इसमें वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, सरदार गुरविंदर सिंह बंटी, विनय कुमार चौधरी, मोहम्मद अरशद, सुनील धीमान, मोहम्मद नफीस, सुशील गुर्जर, राजेंद्र चौधरी, आसिम मलिक आदि मौजूद रहे।