मुजफ्फरनगर। आवास विकास कॉलोनी के लिए अधिग्रहण के प्रस्ताव पर किसानों का कहना है कि वह किसी भी सूरत में अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं। आरोप लगाया कि किसानों को नोटिस तामील नहीं कराए जा रहे, जिस कारण वे अपनी आपत्ति दर्ज नहीं करा पा रहे।
आवास विकास परिषद मेरठ की ओर से शहर से सटे शेरनगर, धंधेड़ा और बिलासपुर की 280 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत कर वहां कॉलोनी बसाने का प्रस्ताव दिया गया है। किसानों का कहना है कि परिषद की ओर से नोटिस जारी किए बिना भ्रम फैलाया जा रहा है। सभी किसानों को नोटिस नहीं भेजे जा रहे हैं, जिस कारण संबंधित किसान अधिग्रहण के प्रस्ताव पर अपनी आपत्ति नहीं जता पा रहे।
किसान सुकेश कुमार ने कहा कि कोई भी किसान अपनी भूमि आवास विकास परिषद को देने पर सहमत नहीं है बावजूद विभाग की ओर से उनकी सहमति का भ्रम फैलाया जा रहा है। आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि ने साजिश के साथ परिषद के अधिकारियों के साथ रणनीति बनाई कि किसानों को नोटिस तामील न हो सके और किसान अपनी आपत्ति भी दर्ज न करा सकें।