मुजफ्फरनगर/ ककरौली। मीरापुर थाने के गांव संभलहेड़ा निवासी किसान चरण सिंह (50) की मौत सिर में चोट मारने से हुई थी। परिजनों ने गमगीन माहौल में पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के बेटे मनमोहन ने हत्या कर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
किसान चरण सिंह दस मई की देर शाम अपने खेत पर जाने के लिए चले थे। इसके बाद वह वापस नहीं पहुंचे थे। परिजनों ने उन्हें तलाशा लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा था। अगले दिन ककरौली के गांव जटवाड़ा के जंगल में शव पड़ा मिला था। पुलिस का कहना था कि किसान के चेहरे को जंगली जानवरों ने नोंचा हुआ था। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।
मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो उसमें सिर में चोट मारने से मौत होना आया। उधर, पुलिस ने शव सुबह के समय परिजनों को सौंप दिया था। परिजनों ने दोपहर बाद शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया। घटना को लेकर परिजनों में रोष था।
देर रात मृतक का बेटा मनमोहन व परिजन ककरौली थाने पहुंचे। बेटे ने तहरीर देकर अज्ञात लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया। सीओ भोपा देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।