उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मेडिकल कॉलेज में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल की लापरवाही से युवक की मौत हुई है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया।
विज्ञापन
ये है मामला
तितावी क्षेत्र के गांव धनसैनी निवासी 26 वर्षीय अंशुल को कोरोना के चलते 25 अप्रैल को बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। आज दोपहर 12:30 बजे अंशुल के पिता ने मेडिकल में हेल्प डेस्क पर फोन करके अपने बेटे का हाल-चाल पूछा तो उसे बताया गया कि तुम्हारा बेटा ठीक है। इसके 10 मिनट बाद ही मेडिकल से पिता के पास फोन गया कि तुम्हारा बेटे की मौत हो गई है।
इसके बाद परिजन और ग्रामीण मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो उन्हें बेटे की मौत का डेथ सर्टिफिकेट दे दिया। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि 12:30 बजे बताया गया कि अंशुल ठीक है, जबकि उसकी मृत्यु डेथ सर्टिफिकेट में 10:38 पर मौत दिखाई गई है। ग्रामीणों ने मेडिकल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।